ग्वालियर :- खरगोन कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा की पत्नी पुष्पा सिंह को सरेराह लूटने वाले बाइक सवार बदमाशों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। पांच दिन में तीन टीमों ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले।दो बार पुलिस अफसर घटनास्थल से आरोपितों के भागने के रूट पर गए। कई संदेहियों से पूछताछ की, लेकिन आरोपित नहीं मिले। हालांकि कुछ सुराग ऐसे मिले हैं, जिनके आधार पर पुलिस अधिकारियों का कहना है इस मामले के आरोपित जल्द पकड़े जाएंगे। लेकिन फिलहाल इस घटना से ग्वालियर पुलिस की किरकिरी हो रही है।
कलेक्टर की पत्नी से यह है लूट की पूरी वारदात
कलेक्ट्रेट पहाड़ी रोड स्थित विंडसर हिल्स हाउसिंग सोसायटी में रहने वालीं पुष्पा सिंह रविवार सुबह की सैर पर निकली थीं। सैर से वापस घर लौटने के दौरान एमपीसीटी कालेज के सामने स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर आए दो बदमाशों ने लूट की थी। इस घटना के बाद पुलिस अफसर हरकत में आए, लेकिन लुटेरे पुलिस को चकमा दे रहे हैं। एसएसपी राजेश सिंह चंदेल ने तीन टीमों को लुटेरों की पड़ताल में लगाया है। तीनों टीमें वारदात से जुड़े अलग-अलग टास्क पर काम कर रही हैं, लेकिन अभी तक आरोपितों को पुलिस नहीं पकड़ पाई है। बीते रोज कुछ नए फुटेज मिले, जिससे पुलिस को कुछ सुराग ऐसे मिले हैं, जिनकी मदद से आरोपितों तक पहुंचने का दावा अफसर कर रहे हैं।
चेन स्नेचिंग की घटना पर कैट एसपी को देगा ज्ञापन
शहर में बढ़ती चेन स्नेचिंग की घटनाओं को लेकर व्यापारी एसपी को आज ज्ञापन सौपेंगे। ज्ञापन के माध्यम से व्यापारी पुलिस से महिलाओं को सुरक्षा का माहौल देने की मांग करेंगे। यह ज्ञापन कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के बैनर तले दिया जाएगा। कैट के जिला अधक्ष दीपक पमनानी, जिला महामंत्री मनोज चौरसिया एवं प्रवक्ता अंशुल जैन ने बताया कि शहर में महिलाओं के साथ अपराध तेजी से बढ़े हैं। महिलाएं बढ़ती चेन स्नेचिंग से डरी हुई हैं। इसलिए कैट की महिला विंग की अध्यक्ष साधना सांडिल्य के नेतृत्व में महिला व्यापारियों द्वारा चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर कार्रवाई की जाए तथा आरोपितों को पकड़कर उन्हें सजा दिलाई जाए। इस तरह की मांग पुलिस कप्तान से की जाएगी। व्यापम फर्जीवाड़े में आरोपित सिपाही को पकड़ ले गई जबलपुर पुलिस ग्वालियर। व्यापम फर्जीवाड़े में आरोपित सिपाही को जबलपुर पुलिस पकड़कर ले गई है। वह कंपू थाने में पदस्थ था। जबलपुर पुलिस की एक टीम ग्वालियर आई और उसे कंपू थाने से उस समय ले गई, जब वह ड्यूटी पर था। कंपू थाना प्रभारी दीपक यादव ने बताया कि यहां पदस्थ सिपाही शैलेंद्र गुर्जर व्यापम फर्जीवाड़े का आरोपित है। उस पर जबलपुर में एफआइआर दर्ज है। गुरुवार को जबलपुर पुलिस की टीम ग्वालियर आई और उसे पकड़कर ले गई। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।

إرسال تعليق