डेस्क रिपोर्ट
इंदौर - दस्तक पब्लिक स्कूल की बस और इंदौर MIC मेंबर की कार के बीच शनिवार सुबह जोरदार टक्कर हो गई। हादसा चिमनबाग चौराहे के नजदीक विजय भांग घोटा के सामने टर्निंग पर हुआ। कार में MIC मेंबर अश्विनी शुक्ल का बेटा अनुज अपने तीन दोस्तों के साथ देव दर्शन के लिए जा रहा था। जबकि स्कूल की बस बच्चों को लेने के लिए निकली थी। बस में दो बच्चे सवार थे। एक्सीडेंट में कार में सवार दो लोगों को चोट आई है, जिसमें एक का हाथ फ्रेक्चर हुआ है, जबकि बस में सवार एक बच्चे को मामूली चोट आई है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और कार दोनों का ही अगला हिस्सा काफी डेमेज हो गया। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोग और राहगीर भी हैरान रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दो घायलों को इलाज के लिए शैल्बी अस्पताल तो स्कूल के छात्र को एमवाय अस्पताल भेजा। घटना के बाद पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।
स्कूल बस ने जिस कार को टक्कर मारी वह MIC मेंबर अश्विनी शुक्ल की गाड़ी है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अनुज अपने तीन दोस्तों प्रथम, यशराज, रमन के साथ शनिवार को प्रदोष होने के चलते केवडेश्वर धाम पर अभिषेक करने के लिए जा रहे थे। घर से निकल वे अलका टॉकीज के पास एक मिठाई की दुकान से प्रसाद लेकर जाने वाले थे, लेकिन चिमनबाग चौराहे के पास स्कूल बस नया पूरा की तरफ टर्न ले रही थी। तब बस ने भंडारी से ब्रिज की तरफ से आ रही इनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी और करीब 10 से 15 फीट घसीट कर ले गई।
गाड़ी के टायर फटे, एयर बेग तक खुल गए
घटना इतनी जोरदार हुई कि गाड़ी के दो टायर फट गए यहां तक की कार में लगे दोनों एयर बेग तक खुल गए। उनका आरोप है कि बस ड्राइवर ने काफी लापरवाही पूर्वक बस चलाई जिसके कारण ये घटना हुई। हादसे में उनके बेटे को तो मामूली चोट आई, लेकिन बेटे के दोस्त नमन का हाथ फैक्चर हो गया। शैल्बी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। उनका कहना है कि स्कूल की बस जो चला रहा था वह ड्राइवर है भी या नहीं ये पुलिस को देखना चाहिए।
पुलिस ने ड्राइवर के खिलाफ की कार्रवाई
TI संतोष सिंह ने बताया कि कार में चार लोग सवार थे। जिसमें दो घायल हुए है, जबकि बस में दो बच्चे भी सवार थे। इसमें 13 साल का हमजा पिता ओवेश अली घायल हुआ है। जिसका इलाज एमवाय अस्पताल में चल रहा है। बस के ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। जांच में बस ड्राइवर की लापरवाही सामने आई है। फिलहाल घायलों की स्थिति सामान्य है।
إرسال تعليق