भोपाल: पश्चिम मध्य रेलवे की महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, भोपाल में नवनिर्मित अत्याधुनिक नियंत्रण कार्यालय (कंट्रोल ऑफिस) का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी, अपर मंडल रेल प्रबंधक अभिराम खरे एवं योगेन्द्र बघेल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से लैस नियंत्रण केंद्र
उद्घाटन के पश्चात महाप्रबंधक ने कंट्रोल ऑफिस का विस्तृत निरीक्षण किया और यहां उपलब्ध कराई गई तकनीकी सुविधाओं का जायजा लिया। नवनिर्मित नियंत्रण कार्यालय को नवीनतम तकनीक, उन्नत संचार प्रणाली, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम, समर्पित सर्वर रूम, आपदा प्रबंधन कक्ष तथा रियल-टाइम ट्रेन संचालन निगरानी सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
परिचालन दक्षता और सुरक्षा में होगा सुधार
इस हाईटेक कंट्रोल ऑफिस के माध्यम से ट्रेन संचालन, समयपालन और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। आपात स्थितियों में त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी इससे सुदृढ़ होगी। अधिकारियों के अनुसार यह कार्यालय रेलवे के विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
यात्री सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता: महाप्रबंधक
इस अवसर पर महाप्रबंधक शोभना बंदोपाध्याय ने कहा कि नियंत्रण कार्यालय रेलवे संचालन की रीढ़ होता है। आधुनिक तकनीक से युक्त यह कार्यालय न केवल परिचालन दक्षता बढ़ाएगा, बल्कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने में भी सहायक होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए यात्री सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
यह नियंत्रण कार्यालय भोपाल मंडल के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे संचालन, रखरखाव और आपदा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। उद्घाटन के साथ ही यह नियंत्रण कार्यालय पूर्ण रूप से कार्यशील हो गया है।
-पंकज त्यागी, मंडल रेल प्रबंधक
إرسال تعليق