शाजापुर : आगामी माह में आने वाले प्रमुख त्यौहार जैसे- नवरात्री, दशहरा, दीपावली एवं अन्य समस्त त्यौहार/जयंती आदि पर्व शांति एवं सौहार्द्रपूर्वक मनाये जाने के लिए आज कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में कलेक्टर सुश्री बाफना ने सर्वप्रथम पूर्व में आयोजित सभी त्यौहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्णक मनाये जाने पर शांति समिति के सभी पदाधिकारियों को धन्यवाद दिया। कलेक्टर सुश्री बाफना ने सभी धर्मावलंबियों से अनुरोध किया कि आने वाले त्यौहारों को मिलजुलकर शांति के साथ मनाएं।।
कलेक्टर सुश्री बाफना ने बैठक में निर्देश दिए कि सभी गरबा स्थल एवं मूर्ति पाण्डाल में सीसीटी कैमरा अनिवार्य रूप से लगाए। साथ ही पूर्व से कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति एसडीएम कार्यालय से प्राप्त करें। उन्होने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर देखे कि सीसीटीवी कैमरें लगे है या नहीं।
कलेक्टर ने नगरपालिका सीएमओ को साफ-सफाई, बंद स्ट्रीट लाईट को चालू करने, प्रतिदिन पेयजल वितरण करने, गरबा स्थल पर टायलेट, वाहन पार्किंग, बैरिकेटिंग, शहरी मार्ग पर दुकानदारों द्वारा किये गये अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई करने, पटाखा विक्रय स्थल का चिन्हांकन करने एवं पटाखा विक्रय स्थल पर फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर पालिका द्वारा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए स्थल निर्धारित किया जायेगा। यातायात अधिकारी को बस स्टेण्ड एवं नई सड़क पर यातायात व्यवस्था दुरूस्त करने तथा गरबा स्थल पर आने वालों के लिए पार्किंग स्थल का चिन्हांकन करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग के अधिकारी को विद्युत आपूर्ति प्रदान करने तथा अतिरिक्त बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्हांने सीएमएचओ एवं खाद्यय अधिकारी को त्योहारों के दौरान खाद्यान्न सामग्री की निरंतर जांच करने। जिला चिकित्सालय में अतिरिक्त बर्न वार्ड अलग से तैयार कर पूर्ण व्यवस्था रखने के निर्देश दिये। विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री ने कार्यक्रम आयोजकों से कहा कि आयोजन स्थल पर विधिवत विद्युत कनेक्शन प्राप्त कर ही विद्युत का उपयोग करें।
अपर कलेक्टर श्री बीएस सोलंकी ने गरबा स्थल पर सीसीटीवी लगाने, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने वालो के अलग से परिचय पत्र बनाने तथा गरबा स्थल पर फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी प्रतिबंधित है का फ्लेक्स लगाने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री टीएस बघेल ने कहा कि आगामी त्यौहारों में पुलिस व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी, सभी जन त्यौहारों को शांति एवं सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाए। आयोजक वालेंटियर्स की दिन एवं रात के समय की ड्यूटी लगाकर उनकी सूची उपलब्ध कराए। साथ ही उन्होंने कहा कि शहर की गलियों का आंकलन कर इसके अनुरूप ही प्रतिमाओं की ऊंचाई रखें। फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी करने वालो के अलग से परिचय पत्र जारी करने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ मैसेज एवं कमेण्ट्स नही डालने, आयोजको को पार्किंग स्थल निर्धारित करने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर श्री आशीष नागर, श्री मनीष सोनी, श्री गजेन्द्र सिंह सिकरवार, श्री रामचन्द्र भावसार, श्री अनूप किरकिरे सहित अन्य पदाधिकारियों ने आगामी त्यौहारों की विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी शाजापुर सुश्री मनीषा वास्कले, सीएमओ डॉ. मधु सक्सेना, तहसीलदार श्रीमती मधु नायक सहित अन्य अधिकारीगण तथा शांति समिति के सदस्यगण भी मौजूद थे।

إرسال تعليق