सोनकच्छ- देवास जिले के सोनकच्छ में लकड़ी की कुर्सी का सुधारने का काम कर रहा एक युवक करंट की चपेट में आ गया। बिजली का झटका लगने के बाद वो बेहोश हो गया।पास में ही काम कर रहे दो युवकों ने देखा तो लकड़ी व दस्ताने का उपयोग करते हुए सूझबूझ से युवक को बचा लिया।
इस दौरान बचाने वाले दोनों युवकों को भी करंट लगा लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 6.15 बजे सोनकच्छ निवासी 19 वर्षीय सत्यम पुत्र अशोक अपनी दुकान में लकड़ी की बैठने वाली कुर्सी को सही करने गया था, पास में ही बिजली का पोल और तार फेंसिंग बनी हुई थी।
लोहे के पोल से लगा करंट और हो गया बेहोश
बारिश के कारण लोहे का एंगल व अन्य गीले थे। जैसे ही सत्यम उस क्षेत्र में गया तो लोहे के पोल में से करंट आ गया था, करंट लगने से सत्यम बेहोश हो गया। पास ही मौजूद सोनकच्छ के फरहान पठान व केतन राठौर ने सूझ-बुझ के साथ लकड़ी और दस्ताने का इस्तेमाल करके सत्यम को दूर खींचने का प्रयास किया।
करंट लगा, चिंगारी निकली, लेकिन वो हिम्मत नहीं हारे
जान बचाने पहुंचे दोनों को करंट भी लगा, लेकिन वे वहां से हटे नहीं और खींचकर सत्यम को तारों से बाहर निकाल लिया। इसी दौरान चिंगारी भी निकली। सत्यम को बेहोशी की हालत में फरहान, केतन और एक अन्य साथी आकाश राजपूत स्वयं के वाहन से सिविल अस्पताल लेकर आए जहां ड्यूटी डाक्टर अनिल राव ने उपचार किया।
बारिश के दौरान सावधानी बरतें
कुछ देर बाद सत्यम को होश आया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ, देखने वालों ने फरहान व केतन के कार्य की सराहना की। विद्युत कंपनी के कनिष्ठ यंत्री सैय्यद अली मंसूरी ने आम लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने और फाल्ट या करंट आने की स्थिति में तुरंत 1912 पर फोन लगाकर शिकायत करने की बात कही है।
एसडीएम संदीप शिवा ने कहा मामला संज्ञान में आया है। पुष्टि होने पर दोनों युवकों की जानकारी देवास जिले में दी जाएगी और कलेक्टर द्वारा सम्मानित करवाया जाएगा। अधिकारियों से भी चर्चा की गई है वो भी सम्मानित करेंगे। उधर विधायक डा. राजेश सोनकर ने कहा युवकों ने सराहनीय प्रयास किया है, उनका सम्मान किया जाएगा।

إرسال تعليق