मध्य प्रदेश सरकार अब बुजुर्गों को हवाई जहाज से तीर्थ दर्शन कराएगी. धार्मिक न्यास धर्मस्व विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं. 21 मई से इसकी शुरुआत हो जाएगी.पहले जत्थे में 25 जिलों के लोगों को ये मौका दिया जा रहा है. सरकार ने पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है.
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत पहले चरण में 25 जिलों के तीर्थ यात्रियों को हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा कराई जाएगी. 25 जिलों में भोपाल, इंदौर, अलीराजपुर, धार, राजगढ़, रायसेन, सीहोर, झाबुआ, विदिशा, आगर मालवा, बैतूल, देवास, हरदा, मंदसौर, नर्मदापुरम, नीमच, डेमू रतलाम, शाजापुर, सागर, उज्जैन, खंडवा, बड़वानी, बुरहानपुर के तीर्थ यात्री शामिल किए जाएंगे.
21 मई से 19 जुलाई
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत नियमित विमान सेवा से ही तीर्थ यात्रियों को सैर करायी जाएगी. यह तीर्थ दर्शन 21 मई से 19 जुलाई के बीच में होंगे. धर्मस्व विभाग के जारी आदेश के तहत हवाई जहाज से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की बुकिंग आईआरसीटीसी के साथ किए गए अनुबंध और आईआरसीटीसी के पैकेज के अनुसार ही होगी. जिस एयरपोर्ट से यात्रा शुरू होगी उसी एयरपोर्ट पर यात्री वापस लौटेंगे.
ऐसी रहेगी व्यवस्था
तीर्थ यात्रियों को हवाई जहाज से लाने और ले जाने की पूरी जिम्मेदारी आईआरसीटीसी की होगी. तीर्थ स्थान पर यात्रियों को भोजन, नाश्ता और चाय की व्यवस्था भी आईआरसीटीसी करेगा. तीर्थ दर्शन योजना के तहत हवाई जहाज से यात्रा करने वाले तीर्थ यात्रियों को एयरपोर्ट पर डिपार्चर टाइम से 3 घंटे पहले पहुंचना होगा. बुजुर्ग तीर्थयात्रियों के दर्शन के दौरान हवाई जहाज में मौजूद अनुरक्षक हर 4 घंटे पर यात्रियों की कुशलता के बारे में संबंधित जिले के कलेक्टर और जिले के नोडल अधिकारी को जानकारी देंगे.
हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा दर्शन कार्यक्रम पर नजर डालें तो
-21 मई को भोपाल से प्रयागराज
– 23 मई को आगर मालवा से शिरडी
– 25 मई को बैतूल से मथुरा वृंदावन
– 26 मई को देवास से शिरडी
– 3 जून को खंडवा से गंगासागर
– 4 जून को हरदा से प्रयागराज
– 6 जून को मंदसौर से शिरडी
– 9 जून को नीमच से शिरडी
-15 जून को बड़वानी से गंगासागर
– 16 जून को इंदौर से गंगासागर
– 18 जून को दमोह से प्रयागराज
-19 जून को बुरहानपुर से गंगासागर
– 19 जून को रतलाम से शिरडी
20 जून को शाजापुर से शिरडी
-22 जून को सागर से मथुरा वृंदावन के लिए यात्री जाएंगे.
मध्य प्रदेश सरकार बुजुर्गों को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत यात्रा करा रही है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की थी कि जल्द ही प्रदेश के तीर्थ यात्रियों को हवाई जहाज से तीर्थ यात्रा कराई जाएगी. उसी के संबंध में सरकार ने आदेश जारी कर दिए.
إرسال تعليق