भोपाल। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है.
इस बार इसके पीछे इसके निर्माण की धीमी गती या इसकी कोई खासियत नहीं है. बल्कि इस बार ये बुरी नजर के साए से बचाने के लिए मेट्रो रेल कॉरपोरेशन द्वारा लगाए गए नजरबट्टू के कारण सुर्खियों में है. अब इसपर अब बीजेपी कांग्रेस ने एक दूसरे पर तंज कसे हैं.
गार्डर पर लगाए गए नजरबट्टू
इस साल के अंत तक भोपाल मेट्रो शुरू करने की तैयारी है. इसके लिए तेजी से मेट्रो का निर्माण किया जा रहा है. इस दौरान एक दिलचस्प तस्वीर देखने को मिली जहां भोपाल मेट्रो को बुरी नज़र से बचाने के लिए गार्डर पर जगह-जगह नजरबट्टू लगा दिए गए हैं. अब सवाल ये है कि आखिर कॉरपोरेशन भोपाल मेट्रो को किसकी बुरी नजर से बचाना चाहता है.
नजरबट्टू पर सियासत
भोपाल के मेट्रो प्रोजेक्ट पर नजरबट्टू (Nazarbattu) लगाए जाने के मामले में अब सियासत भी तेज होने लगी है. विपक्षी पार्टी कांग्रेस (Congress) ने बीजेपी पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाया है. वहीं भाजपा ने पलटवार करते हुए इसे कांग्रेस की नजर से बचाने का प्रयास बताया है.
कांग्रेस ने बीजेपी पर कसा तंज
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि ऐसा अंधविश्वास फैलाने वाले अफसरों पर कार्रवाई होनी चाहिए. नजरबट्टू और अंधविश्वास सरकारी काम काज पर अच्छे नहीं लगते. कांग्रेस ने प्रोजेक्ट शुरू किया था अब बीजेपी इस पर नजर लगाने का काम कर रही है. सरकार के पास पैसा नहीं बचा है वो बस मेट्रो के सपने दिखाए जा रही है.
बीजेपी ने किया पलटवार
एक न्यूज वेबसाइट से बात करते हुए बीजेपी प्रवक्ता हितेश बाजपेयी ने कहा कि हम कोई भी काम करते हैं, कांग्रेस को वो अन्धविश्वास लगता है. असल में ये नजरबट्टू कांग्रेस की नजर से बचाने के लिए लगाए गए हैं. कांग्रेस हमारे कामों को नजर लगाती है. होली के बाद उन्हें नींबू मिर्च भी भिजवा देंगे.
إرسال تعليق