BREAKING NEWS
Latest News Loading...
मालवा न्यूज़ 24X7

मक्सी-उज्जैन रेल मार्ग पर दौड़ेगी 120 किमी प्रति घंटे की स्पीड से जीएम स्पेशल ट्रेन

उज्जैन से भोपाल तक रेल की यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है। अब इस ट्रैक पर जल्द ही हाई स्पीड ट्रेन की सुविधा मिलेगी। इस क्रम में ही मक्सी-उज्जैन रेल मार्ग पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से जीएम स्पेशल ट्रेन दौड़ाई जाएगी। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र गुरुवार को भोपाल-उज्जैन रेल मार्ग का निरीक्षण करेंगे। जीएम भोपाल के समीप बकानिया भौंरी से शुरुआत करेंगे। उज्जैन स्टेशन पर करीब डेढ़ घंटे तक जीएम रेलवे डिस्पेंसरी, दुर्घटना राहत यान, प्लेटफार्म का निरीक्षण करेंगे। मिश्र भोपाल के समीप बकानिया भौंरी से गुरुवार सुबह 8 बजकर 50 मिनट से निरीक्षण की शुरूआत करेंगे। इसके बाद सीहोर में 40 मिनट, बकतल पार्वती स्टेशन पर 10 मिनट, कालापीपल, शुजालपुर होते हुए बोलाई कालीसिंह पर आधा घंटे तक रुकेंगे, जहां से पीर उम्मरोद होते हुए मक्सी पहुंचेंगे। मक्सी से लेकर उज्जैन के बीच 38 किलोमीटर के हिस्से पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से जीएम स्पेशल ट्रेन चलाकर निरीक्षण किया जाएगा। फिलहाल उज्जैन से भोपाल रेल खंड पर अधिकतम स्पीड 110 किलोमीटर प्रति घंटा है।

उज्जैन में डेढ़ घंटे होगा निरीक्षण

जीएम मिश्र उज्जैन स्टेशन पर दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले आरक्षण केंद्र के पीछे बनी रेलवे डिस्पेंसरी जाएंगे। इसके बाद रेलवे रनिंग रूम, दुर्घटना राहत यान, प्लेटफार्म का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद उज्जैन से ही आनलाइन देवास में बने रेलवे क्वार्टर तथा अकोदिया, कालापीपल में बने टूल रूम का उद्यघाटन करेंगे। रेलवे कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। उज्जैन से शाम 4 बजकर 55 मिनट पर रतलाम के लिए रवाना हो जाएंगे।

 ट्रेनों में स्लीपर व सामान्य कोच कम करने का विरोध

रेलवे प्रशासन द्वारा जयपुर-भोपाल एक्सप्रेस, मालवा एक्सप्रेस, नईदिल्ली-इंदौर एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में सामान्य व स्लीपर कोचों की संख्या घटा दी है। इसके अलावा ट्रेनों में एसी कोचों की संख्या बढ़ा दी है। इससे आम यात्री काफी परेशान है। उज्जैन स्टेशन पर जीएम को इस संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।

Post a Comment

أحدث أقدم