देवास - देवास कृषि उपज मंडी में नकली अनुबंध व तौल पर्ची से एक व्यापारी के यहां से करीब साढ़े तीन लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया। संबंधित ने बगैर माल बेचे ही नकली पर्ची से व्यापारी फर्म से भुगतान प्राप्त कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले दिनों 14 अक्टूबर को समय 1 से 2 बजे के बीच व्यापारी की फर्म से एक अज्ञात व्यक्ति दो अलग-अलग अनुबंध पर्ची व तौल पर्ची से करीब 3 लाख 50 हजार 164 रुपए ले गया। रात्रि में जब मिलान किया गया। तब इस धोखाधड़ी का पता चला।
मामले को लेकर व्यापारी ने मंडी सचिव व संबंधित थाने पर शिकायती आवेदन दिया गया। उसके बाद अब थाना बीएनपी पुलिस ने फरियादी सुरेश पिता स्व. रामनिवास मंगल उम्र 71 की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 420 भादवी के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पर्ची के आधार पर कर दिया भुगतान
मंडी में व्यापारिक फर्म द्वारा अनुबंध व तौल पर्ची के आधार पर किसानों को भुगतान किया जाता है। ऐसे में अनुबंध व तौल पर्ची दिखाने पर संबंधित को फर्म द्वारा भुगतान कर दिया गया। किसान बनकर आया फर्जी व्यक्ति दो अलग-अलग नामों से पर्ची बनाकर लाया था।
दोनों पर्चियों में करीब 78 क्विंटल के करीब सोयाबीन का वजन था। उसके आधार पर व्यापारी ने अधिक भीड़ के चलते करीब 3 लाख 50 हजार 164 रुपए की राशि संबंधित व्यक्ति को भुगतान कर दी।
व्यापारिक फर्म के सुरेश अग्रवाल ने बताया कि ये नकली पर्चियां कैसे बनी, इसकी जांच होनी चाहिए। हमारा साढ़े तीन लाख रुपए से अधिक का नुकसान हो गया है। पुरे मामले में थाना बीएनपी पुलिस जांच करने में जुटी है।
إرسال تعليق