देवास पुलिस ने एक शातिर बदमाश को पकड़ा है. आरोपी इंस्टाग्राम से तस्वीरें उठाकर फोटो मॉर्फिंग करता था. इसके बाद एडिट की गई तस्वीरों को भेजकर उन्हीं लड़कियों को ब्लैकमेल करने जैसे घिनौने कृत्य को अंजाम देता था.
करीब 40 लड़कियों और महिलाओं की ओर से पुलिस थाने में इस प्रकार की शिकायतें दी गईं. पुलिस ने आरोपी को बरोठा क्षेत्र के नापाखेड़ी से गिरफ्तार कर लिया है.
पीड़ित युवती और महिलाओं ने स्थानीय विधायक गायत्री राजे पवार से भी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. 18 साल के आरोपी अभिषेक हिलोरिया के गिरफ्तार होने की ख़बर लगते ही विधायक गायत्रीराजे पवार सिटी कोतवाली थाने पहुंचीं और आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस को बधाई दी.
बीजेपी विधायक ने थाने में मौजूद पीड़ित यवतियों से भी मुलाकात की. इस दौरान गायत्री राजे पवार ने कहा कि यह आरोपी लड़कियों को प्रताड़ित कर ब्लैकमेल कर रहा था. परिजनों की आईडी भी हैक करके इनके फोटो वहां से निकाल रहा था. उनके फेस लेकर दूसरी नग्न फोटो पर लगाकर अपने 25 से ज्यादा अकांउट पर शेयर कर देता था और फिर इन बच्चियों को परेशान करता था. मैं पुलिस बल को बधाई और धन्यवाद देती हूं. पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए इस लड़के को पकड़ा है. ऐसे अपराध देवास में नहीं चलने देंगे. आरोपी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस टीम को पुनः बधाई.
BJP MLA गायत्री राजे पहुंचीं सिटी कोतवाली.
एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि आरोपी अभिषेक हिलोरिया लड़कियों के फोटो को एडिट करके इंस्टाग्राम पर आईडी बनाकर ब्लैकमेल करता था. इस आरोपी को हमने सायबर सेल के माध्यम से पकड़ा है. आरोपी पर प्रकरण दर्ज करके उस पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. आरोपी को पकड़ने में साइबर सेल प्रभारी पवन यादव और प्रधान आरक्षक शिव प्रताप सिंह की महती भूमिका रही.
बता दें कि शातिर अभिषेक हिलोरिया 25 से ज्यादा आईडी चलाता था. जिनमें युवतियों के नाम की फर्जी आईडी भी शामिल थीं. सोशल मीडिया पर एक्टिव तमाम युवतियों की ऑरिजनल अकाउंट्स से फ़ोटो निकालकर आरोपी उन्हें एडिट करता था और फिर फर्जी आईडी से शेयर करता था. फिर बारकोड भेजकर ब्लैकमेल करता था. जिसके चलते युवती और महिलाएं मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गई थीं. कुछ तो आत्महत्या करने का मन बना चुकी थीं. लेकिन विधायक गायत्री राजे पवार और पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेकर पीड़ित युवतियों और महिलाओं को ढांढस बंधाया. उन्हें हिम्मत रखने की सलाह दी और आख़िरकार आरोपी को पकड़ लिया गया.
इतना ही नहीं, आरोपी ने एक आईडी मुजाहिद हुसैन के नाम की भी बनाई थी ताकि लोगों का ध्यान भटका रहे. पुलिस ने शातिर आरोपी को पकड़ने के लिए फेसबुक से डाटा बुलवाया. चूंकि फेसबुक का सर्वर USA में है. इसलिए डाटा आने में देर लगी. तकनीक की मदद से IP एड्रेस निकाले गए. आखिरकार कड़ी मेहनत कर तकनीकी मदद से पुलिस ने आरोपी अभिषेक का मोबाइल नम्बर खोज निकाला और फिर उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) की कार्रवाई भी कर रही है.
उधर, देर शाम जिला कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ऋषव गुप्ता ने आरोपी अभिषेक हिलोरिया के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत 3 माह तक निरुद्ध किया जाकर केंद्रीय जेल भेरूगढ़ में रखने के आदेश जारी किए.



إرسال تعليق